फंदे से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

पूरेरुद्र गांव में छत गिरने से वृद्ध महिला की मौत


संवादसूत्र, फतेहपुर (बाराबंकी) : एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका पाया गया। परिवारजन ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।


फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिहाली निवासी संदन रावत का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खरगी निवासी रामसरन की पुत्री अनीता देवी से हुआ था। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर आए दिन विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता था और पति पत्नी के बीच विवाद भी होता था। बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच तकरार हुई थी। इसके बाद अनीता अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवारजन ने अंदर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। उसे लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस व मायके पक्ष के लोग भी आ गए। परिवारजन दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतका के तीन बच्चे हैं। इनमें बादल (5), नितिन (3) और डेढ़ वर्षीय निर्मल शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर पीके झा ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। फिलहाल अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


 


संवादसूत्र, कोठी (बाराबंकी) : कोठी थाना क्षेत्र के पूरेरुद्र गांव में घर की छत गिरने से 60 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारजन ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां इलाज दौरान महिला की मौत हो गई।


सिद्धौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पूरेरुद्र गांव में मंगलवार शाम के समय सुखदेव की 60 वर्षीय पत्नी कमला देवी घर में खाना बना रही थी, घर के पिछले कमरे में कुछ सामान लेने गई थी कि अचानक कच्चे जर्जर मकान की छत भर-भराकर गिर गई। मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन परिवारजन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां कमला देवी की इलाज दौरान मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवारजन में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि यह पति पत्नी काफी साल पुराने घर में रहते थे, जो काफी जर्जर हो गया था। इनको आवास व सरकारी सुविधा नहीं मिली थी।



 


झुलसी महिला की मौत


 


मसौली : सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम परसा निवासी अनिल कुमार जायसवाल की पत्नी कुसुम की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मृत्यु हो गई थी। अमेठी के शुक्ल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम लालचंद्र पुरवा निवासी मृतका के पिता शिवनरायन जायसवाल ने तहरीर देकर मृतका के पति अनिल कुमार, जेठ सुनील कुमार, जेठानी नीतू, ननद मोना, सास औरसुनील कुमार के ससुर नंदकिशोर निवासी पल्हरी के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।