विवाहिता का लटका मिला शव, हत्या का आरोप

संवादसूत्र, बाराबंकी : घर के अंदर पंखे के हुक से एक विवाहिता का शव रस्सी के फंदे से लटकता मिला। शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है, वहीं परिवारजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।


रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी सुमाता (30) का शव दोपहर में घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकता दिखा। जिस पर परिवारजन ने शव को बाहर निकाल लिया। सूचना पुलिस को हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू की। मौके पर एसडीएम व सीओ भी पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। सीओ पवन गौतम ने बताया कि महिला का शव फंदे से लटकता मिला है। मृतका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।