तीन दिनों से जारी है बालिका की खोज, दहशत में ग्रामीण

संसू, हरैया सतघरवा : बिनौहनी कला गांव निवासी माता प्रसाद यादव की सात वर्षीया बेटी शीला की खोज तीसरे दिन शुक्रवार को जारी रही। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। उधर तेंदुए की दहशत में ग्रामीण रतजगा करने को विवश हैं। तेंदुआ रात में विद्याराम यादव के घारी में छिपा हुआ देखा गया। ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ हिडुली खुर्द गांव की तरफ भाग गया। कुत्तों के भौंकने पर परिवारजन की नींद खुल गई। हांका लगाकर तेंदुए खदेड़ा गया। वनरक्षक जमील ने बताया कि गांव के सार्वजनिक रास्तों पर उजाले के लिए बल्ब लगाने का कार्य किया गया है। रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव में वनकर्मियों की तैनाती की गई है। ग्रामीणों को समूह चलने के साथ घरों के सामने उजाला रखने की सलाह दी गई है।