अयोध्या मुद्दे के ध्रुवों मुलायम व कल्याण से मिले योगी

दोनों नेताओं को दी दीपावली की शुभकामना, अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी से बनाई दूरी, शिवपाल रहे मौजूद


ज्य ब्यूरो, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को दीपावली की शुभकामना देने गए थे लेकिन इसके राजनीतिक निहितार्थ निकाले गए। अयोध्या मुद्दे पर मुलायम और कल्याण दो ध्रुव रहे हैं। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले दोनों दिग्गजों से योगी की इस मुलाकात से सियासी हलचल बढ़ गई है।


योगी बुधवार की सुबह जब मुलायम सिंह यादव के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर मिलने पहुंचे तो पुरानी यादें ताजा हो गईं। योगी लोकसभा चुनाव के बाद भी मुलायम से मिलने गये थे। तब योगी के स्वागत में मुलायम के पुत्र, सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भाई शिवपाल सिंह यादव समेत पूरा परिवार मौजूद था। इस बार अखिलेश नहीं थे। अखिलेश यादव की नामौजूदगी ने सवाल खड़े किये। दरअसल, अखिलेश यादव अब भाजपा पर आक्रामक हैं और वह किसी भी हाल में मोर्चे पर जमे रहना चाहते हैं। हाल के विधानसभा उप चुनाव के नतीजों ने भी अखिलेश का उत्साह बढ़ाया है।


दूसरी ओर शिवपाल सिंह यादव के प्रति योगी सरकार मेहरबान भी रही है। उनके लिए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का बंगला आवंटित किये जाने और व्यक्तिगत तौर पर उनके आइएएस दामाद की उप्र में प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ाए जाने जैसे कुछ मामले हैं जिनके हवाले से अखिलेश भाजपा से शिवपाल की करीबी का दावा करते हैं। अपना विरोधी चेहरा बनाये रखने के लिए भी अखिलेश ने योगी से दूरी बनाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। करीब 25 मिनट तक उनके आवास पर रहे योगी ने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता आपसी व्यवहार में नहीं आनी चाहिए।


योगी ने मुलायम से मिलने के बाद माल एवेन्यू स्थित राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की और कुशलक्षेम पूछी। इस मौके पर कल्याण के पुत्र और एटा के भाजपा सांसद राजवीर सिंह राजू भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह और कल्याण सिंह को कुंभ 2019 से संबंधित पुस्तक व मिठाई भेंट की। उल्लेखनीय है कि नवंबर-दिसंबर का महीना अयोध्या के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। कल्याण सिंह की सरकार में अयोध्या में विवादित ढांचा ध्वंस हुआ था जबकि मुलायम सिंह की सरकार में कारसेवकों पर गोली चली थी।



 


लखनऊ में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर मुलाकात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साथ में उपस्थित प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह से उनके आवास पर मुलाकात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ '