दीपोत्सव पर अयोध्या में कल प्रज्वलित होंगे 5.51 लाख दीप

राज्य ब्यूरो, लखनऊ: अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रमों में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, फिजी गणराज्य की उपसभापति एवं सांसद वीना भटनागर, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री तथा अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। शनिवार की शाम सात बजे से साढ़े सात बजे तक सभी घाटों और संपूर्ण अयोध्या में पांच लाख 51 हजार दीपों का प्रज्वलन होगा। इस मौके पर 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।


गुरुवार को राज्य सरकार के प्रवक्ता ने अयोध्या दीपोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। शनिवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभा यात्र निकलेगी। यह यात्र साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पौने चार बजे से चार बजे तक शोभा यात्र का अवलोकन करेंगे। इसके बाद श्री राम-सीता का राम कथा पार्क में हेलीकॉप्टर से प्रतीकात्मक अवतरण एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम संपन्न होगा। सवा चार बजे से चार बजकर 40 मिनट तक राम कथा पार्क आगमन पर श्रीराम-जानकी का पूजन-वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा। फिर शाम छह बजे तक परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और अतिथियों का संबोधन होगा। इसके बाद साढ़े छह से सात बजे तक नया घाट पर सरयू की आरती और पूजन किया जाएगा। राम की पैड़ी पर चार लाख दीपों का प्रज्वलन कर गिनीज बुक में रिकार्ड दर्ज कराया जाएगा। रात्रि आठ बजे राम की पैड़ी पर राम कथा का प्रदर्शन, सवा आठ बजे तक सरयू पुल से आतिशबाजी और फिर साढ़े आठ बजे से रात्रि दस बजे तक भारत, नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया एवं फिलीपींस की रामलीला का मंचन किया जायेगा।



 


राब्यू, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को धनतेरस की हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है। धनतेरस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जारी शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अर्थ सहित चार प्रकार के पुरुषार्थ बताए गए हैं। धनतेरस इसी का द्योतक है। योगी ने भरोसा जताया कि प्रदेश में अन्त्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति को भी सुख-समृद्धि प्राप्त होगी। योगी ने धनतेरस के साथ ही धन्वंतरि जयंती पर अर्थ के साथ ही अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है