अधिकारियों ने देखे क्रय केंद्र, शुरू कराई तौल

 बाराबंकी : धान खरीद की सुस्त गति पर डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों का निरीक्षण का सभी क्रय केंद्र संचालित कराने का निर्देश दिया है। इसके दृष्टिगत गुरुवार को डिप्टी आरएमओ संतोष द्विवेदी, उप निबंधक सहकारी समितियां आदित्य दुबे व पीसीएफ के जिला प्रबंधक सौजन्य त्रिपाठी ने धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। टिकैतनगर में साधन सहकारी समिति जुलेहटी पर धान खरीद की शुरूआत अधिकारी ने अपने सामने कराई। किसान अनिमेश सिंह का 57 ¨क्वटल धान सबसे पहले तौला गया।


इन अधिकारियों ने इससे पहले सफदरगंज मंडी में एफसीआइ के क्रय केंद्र पर धान खरीद का हाल देखा। धान की तौल होती मिली। विपणन शाखा के टिकैतनगर स्थित क्रय केंद्र पर ग्राम बधौली के संजय कुमार का धान तौला जाता मिला। अधिकारियों ने धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए।


क्रय केंद्रों की संख्या 56 हुई : डिप्टी आरएमओ ने बताया कि किसानों की मांग को देखते हुए क्रय केंद्रों की संख्या 46 से बढ़ाकर 56 कर दी गई है। शीघ्र ही सभी क्रय केंद्र संचालित करा दिए जाएंगे।



13 को धान सहित प्रदर्शन करेंगे किसान


बाराबंकी : धान क्रय केंद्रों पर अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को तीन-चार सौ रुपये क्विंटल की दर से घाटा सहकर धान बेचने की विवशता है। इसके दृष्टिगत किसान यूनियन टिकैत गुट ने 13 नवंबर को धान सहित जिले की मंडियों व उपजिलाधिकारी कार्यालयों पर प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। भाकियू जिला कार्यालय पर गुरुवार को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राम किशोर पटेल की अध्यक्षता में बैठक हुई। राम किशोर ने कहा कि वायु प्रदूषण के नाम पर किसानों को पराली जलाने पर जुर्माना किया जा रहा है लेकिन धान की खरीद नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को किसान अपना धान भाकियू के बैनर तले मंडियों व उपजिलाधिकारी कार्यालयों पर शामिल होंगे।