ब्लॉक परिसर में ही दम तोड़ रहा स्वच्छता मिशन

 टिकैतनगर (बाराबंकी) : खंड विकास अधिकारी ग्राम पंचायतों को स्वच्छ रखना तो दूर वह अपना ब्लॉक परिसर में साफ नहीं कर सके हैं। ब्लॉक के 51 ग्राम पंचायतों में विकास की रूपरेखा तय कर उनको स्वच्छता का पैमाना देने वाले अधिकारी और कर्मचारी शायद खुद पाठ पढ़ना भूल गए हैं।


ब्लॉक परिसर के मेन गेट पर बगल ही कूड़े का ढेर लगा है। अधिक कूड़ा हो जाने पर जलाकर कम कर दिया जाता है। परिसर में भी भारी गंदगी फैली हुई है। यहां पर बने दोनों शौचालयों में कभी सफाई नहीं होती है। इसके अंदर मिट्टी और कूड़ों का ढेर लगा है। एडीओ पंचायत के कार्यालय पर सफाईकर्मी लिपिक का कार्य करते देखे जा सकते हैं। जबकि, परिसर भी गंदगी और झाड़ियों की चपेट में है। आवासों में सांप निकल रहे हैं, कर्मचारियों के रहने के लिए बने अधिकांश आवासों में दबंगों का अवैध कब्जा है। इसके चलते वह लोग सफाई पर ध्यान नहीं देते हैं।


ब्लॉक की चहारदीवारी जगह-जगह टूटी पड़ी है। एडीओ पंचायत प्रेमचंद्र मिश्र का कहना हैं कि जहां पर भी गंदगी फैली है, सफाईकर्मी को लगाकर साफ कराया जाएगा।