छात्रवृत्ति घोटाले में एक और मुकदमा दर्ज

लखनऊ: उन्नाव के मियागंज ब्लॉक स्थित 21 और विद्यालयों में लाखों का छात्रवृत्ति घोटाला पकड़ा गया है। आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जांच में गड़बड़ी सामने आने पर छात्रवृत्ति घोटाले में एक और मुकदमा दर्ज किया है। इससे पूर्व ईओडब्ल्यू उन्नाव में हुए छात्रवृत्ति घोटाले के मामले में 13 मुकदमे दर्ज कर चुकी है। पूर्ववर्ती सरकारों में अलग-अलग अवधि में विभिन्न जिलों में हुए करोड़ों के छात्रवृत्ति घोटाले की जांच शासन ने ईओडब्ल्यू को सौंपी थी। उन्नाव में छात्रवृत्ति घोटाले के मामले में 2001 से 2010 के मध्य की जांच की जा रही है।


ईओडब्ल्यू की जांच के दायरे में उन्नाव के 13 ब्लॉकों के 1700 विद्यालय थे। डीजी ईओडब्ल्यू डॉ.आरपी सिंह ने बताया कि उन्नाव में हुई जांच में अब तक 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्नाव के मियागंज ब्लॉक के 125 विद्यालयों में से 21 विद्यालयों में गड़बड़ी पाई गई है, जिस पर छात्रवृत्ति घोटाले का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। 21 विद्यालयों की शुरुआती जांच में 2,92740 रुपयों का घोटाला सामने आया है। शेष विद्यालयों में भी जांच कराई जा रही है।