गन्ने के रस से सीधे एथनॉल बनेगा: योगी

मुख्यमंत्री योगी ने गन्ने के रस से सीधे एथेनॉल बनाने की स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि चीनी मिलों में ऐसी यूनिटें लगाई जा रही हैं। जिससे किसानों को भुगतान की समस्या भी न रहेगी और पेट्रोल व डीजल पर निर्भरता कम होगी। इससे पहले गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा ने सरकार के कार्यकाल में किए कार्यो को गिनाया। गन्ना आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने विभागीय कार्यो की जानकारी दी। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश पासी ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्य सचिव आरके तिवारी, औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टंडन भी उपस्थित थे।


एक क्लिक पर मिलेगी सभी जानकारी : गन्ना किसानों के लिए वेबपोर्टल और ई-गन्ना एप जादू का पिटारा जैसा होगा। एक क्लिक पर किसान गन्ने से संबंधित सभी जानकारी, जैसे सर्वेक्षण, बेसिक कोटा, सट्टा, गन्ना कैलेंडरिंग, पर्चियों के जारी करने व आपूर्ति संबंधी सूचनाएं घर बैठे प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए किसान को अपने एंड्रॉयड फोन पर ई-गन्ना एप डाउनलोड करना होगा। जिस पर ई-गन्ना प्रणाली क्लिक करने के साथ किसान को अपना नाम, गांव, जिला और चीनी मिल अंकित करना होगा। ऐसा करते ही किसान को उसकी गन्ना संबंधित सभी डिटेल मिल जाएगी। वहीं वेबपोर्टल के लिए ईआरपी वेबपोर्टल (डब्लूडब्लूडब्लू.केनयूपी.इन) पर जाना होगा।