नहाय खाय संग छठ पूजन शुरू, बनाईं वेदी

पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, महिलाओं ने गेहूं की सफाई की, घाटों पर पूजन की तैयारी पूरी


संवादसूत्र, बाराबंकी:अरविन्द मौर्या  छठ उत्सव का उत्साह बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को नहाय खाय के साथ छठ पर्व की शुरुआत हो गई। महापर्व की धूम के मध्य बच्चों व बड़ों ने नए कपड़े पहनकर घाटों पर जाने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।


चार दिन चलने वाले इस महापर्व को लेकर लोग खासे उत्साहित हैं। व्रत रखने वाले नहाय खाय की रीति को अपनाएंगे। इस महापर्व में खासतौर पर साफ-सफाई भी की जाती है। घरों में लहसुन व प्याज का प्रयोग भोजन में नहीं किया जाता है। श्रद्धालु रुकमिणी झा ने बताया कि शुक्रवार को खरना में निर्जला व्रत करने के बाद शाम को पूड़ी का भोग व गुड़ की खीर का भोग लगाया जाएगा। व्रत रखने वाली महिलाएं रविवार की सुबह पूजा-अर्चना के बाद बिना लहसुन-प्याज से बना भोजन करेंगी जिसमें लौकी की दाल, लौकी का तरुवा इस्तेमाल करेंगी।


गुरुवार को दिनभर गेहूं की सफाई आदि का कार्य किया गया क्योंकि गेहूं के प्रसाद का ठेकुवा बनता है। तत्पश्चात भगवान की पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन की सफाई की गई। बंकी निवासी महिला श्रद्धालु डॉली झा, बरखा त्रिवेदी, सोनिया पाठक, पूजा झा, सुनील जायसवाल आदि छठ पर्व को लेकर उत्साहित दिखे।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैयारी : मसौली: क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरौली के मजरे नईबस्ती एवं ग्राम पंचायत रहरामऊ के मजरे बसंतनगर में बड़े ही उल्लास के साथ मनाया जाता है। दोनों गांवों के निवासी पूर्व में बिहार के निकटवर्ती जिलों के रहने वाले हैं। इनमें छठ पर्व को लेकर बड़ी उत्सुकता रहती है। नई बस्ती गांव के किनारे स्थित ड्रेन एवं बसंतनगर के किनारे स्थित गाड़ी नदी में छठ पूजा के दिन भीड़ जमा होती है। लक्ष्मी पूजन के बाद से ही कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय खाय का नियम होता है जिसका कड़ाई से पालन किया जाता है।



बंकी कस्बे में छठ पूजा के लिए तैयारी करतीं महिलाएं और धनोखर चौराहे पर छठ पूजा के लिए खरीदारी करती युवती ' जागरण


आवास-विकास स्थित बड़े पार्क में छठ पूजा के लिए की जा रहीं तैयारियां ' जागरण


घाटों पर तैयारी


नगर के चिलहटा घाट, आवास विकास, नागेश्वरनाथ, पीएसी, ढकौली, आलापुर आदि स्थानों पर छठ पर्व के मौके पर अघ्र्य देने की तैयारी के उद्देश्य के तहत साफ-सफाई शुरू करा दी गई है।