पुलिस सुरक्षा के बीच मायके पक्ष ने दुल्हन को पहुंचाया ससुराल

सुबेहा : थाना सुबेहा क्षेत्र के कैथी मजरे मुस्तफाबाद निवासी धर्मेंद्र पुत्र राजकुमार की 19 नवंबर को बरात फतेहपुर तहसील के इसरौली गांव गई थी। यहां के मदन की पुत्री अनीता देवी से विवाह तय हुआ था। विवाह के बाद 20 नवंबर की सुबह बराती पक्ष के असगर अली निवासी कैथी व अमर निवासी देवकली थाना जगदीशपुर जिला अमेठी की आपस में विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी।


कन्या पक्ष ने विदाई के बाद एहतियात के तौर पर दुल्हन के पिता मदन व अन्य कुछ सगे संबंधियों के साथ दुल्हन के साथ उसके ससुराल तक जाने लगे। दुल्हन की कार सुबेहा थाना के सामने पहुंची तो दुल्हन के पिता के मांगने पर पुलिस सुरक्षा देकर ससुराल कैथी तक पहुंचाया गया। जहां पुलिस की उपस्थिति में दुल्हन के प्रवेश की रस्म पूरी हुई। इसके बाद पुलिस व मायके पक्ष के लोग वापस लौटे। सुबेहा प्रभारी निरीक्षक गंगेश शुक्ला ने बताया कि शराब के नशे में विवाद हुआ था विवाद करने वाले दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के लोग थे। इसलिए एहतियात के तौर पर पुलिस बल दिया गया था।