किशोरी और छात्र से दुष्कर्म आरोपित किए गए गिरफ्तार

संवादसूत्र, बाराबंकी : जिले में बालिका और किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदातें हुई हैं। रामनगर थाना क्षेत्र में आठ वर्ष की बालिका के साथ दरिंदगी हुई वहीं कुर्सी थाना क्षेत्र में 14 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई। दोनों ही वारदातों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िताओं को चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।


 


कुर्सी थाना क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय कक्षा आठ की छात्र शनिवार देर शाम भैंस खोलने के लिए घर से बाहर जा रही थी। जहां घात लगाए बैठा न्यामतपुर निवासी नसीर पुत्र रईसू ने छात्र को दबोच लिया और कुछ दूरी पर स्थित एक बाग में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। छात्र के शोर मचाने पर उसके चाचा मौके पर पहुंचे तो आरोपित भाग निकला। पुलिस ने जांच पड़ताल कर आरोपित पर दुष्कर्म और एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने रात में ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।


 


रामनगर : थाना क्षेत्र निवासी आठ वर्षीय बालिका के यहां उसके रिश्तेदार आए थे। जिसके लिए बालिका गुटखा खरीदने गई थी। रिश्तेदार का चालक भी बालिका के पीछे गया और उसे उठाकर सूनसान क्षेत्र में ले गया। जहां उसका मुंह दबा दिया और दुष्कर्म किया। आरोपित के चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता ने वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। रात में ही पुलिस ने छापेमारी कर रामनगर के कटका निवासी सुभाष वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।अपर पुलिस अधीक्षक आरएस गौतम ने बताया कि दोनों ही वारदात में नामजद आरोपितों को संबंधित पुलिस ने रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल रवाना कर दिया गया है।