ई-श्रम पंजीयन अभियान को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


लखनऊ। विज्ञान फाउण्डेशन, एक्शन एड एसोसिएशन व श्रम विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा शुक्रवार को चारबाग स्थित श्रम कार्यालय परिसर से ई-श्रम अभियान का शुभारंभ किया गया। अपर श्रम आयुक्त बीके राय व उप श्रम आयुक्त सामाजिक सुरक्षा बोर्ड शमीम अख्तर ने अभियान को हरी झण्डी दिखाई।

इस अवसर पर अपर श्रम आयुक्त ने कहा कि केन्द्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डाटाबेस तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य संकट के समय श्रमिकों को तत्काल मदद उपलब्ध कराना व उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उपश्रम आयुक्त सामाजिक सुरक्षा बोर्ड ने कहा कि विज्ञान फाण्डेशन व एक्शन एड एसोसिएशन निर्माण श्रमिक व घरेलू महिला श्रमिकों के कल्याण के लिए लम्बे समय से काम कर रहे हैं। ई-श्रम अभियान के माध्यम से संस्था ज्यादा से ज्यादा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का ई-श्रम पंजीयन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ई-श्रम पोर्टल पर राज्य के करीब साढ़े छह करोड़ लोगों का पंजीयन करेगी। इसकी प्रक्रिया चालू है।


विज्ञान फाउण्डेशन के गुरूप्रसादजी ने बताया कि सुबह शहर के पत्रकारपुरम, चिनहट, तकरोही, सर्वोदय नगर, मुलायम नगर, कल्याणपुर, यूनिटी सिटी व इंजीनियरिंग कॉलेज आदि लेबर अड्डों पर जाएगा। अभियान के साथ चल रहा दल यहां पंजीयन शिविर लगाकर श्रमिकों का ई-श्रम पंजीयन सुनिश्चित करेगा। 

एक्शन एड एसोसिएशन की मनीषा भाटिया ने बताया कि दोपहर में ई-श्रम रथ शहरी गरीब बस्तियों अकबरपुर, जानकीपुरम, जुगौली, बड़ी जुगौली आदि जगहों पर जाकर घरेलू कामगार महिलाओं का ई-श्रम पंजीयन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने ने बताया कि महिला कामगारों को पंजीयन में कोई असुविधा नहीं हो इसके लिए चार सदस्यीय दल में दो महिला कार्मिक शामिल रहेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में रामरक्षा यादव, शाहबख्शसिंह, गौरव गौतम, उषा शर्मा व साजिदा सहित बड़ी संख्या में श्रम विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।