घरेलू कलह में BJP नेता और उनकी पत्नी ने खाया जहर


 घरेलू कलह में BJP नेता और उनकी पत्नी ने खाया जहर,

 कानपुर के भाजपा नेता गुरविंदर छाबड़ा उर्फ विक्की और उनकी पत्नी ने गुरुवार शाम को घरेलू कलह में जहर खा लिया। दोनों की हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने सर्वोदय नगर के रीजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जानकारी मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई नेता हॉस्पिटल पहुंचे। दोनों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। फजलगंज थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 फजलगंज थाना प्रभारी आशीष द्विवेदी ने बताया कि रोज गार्डन अपार्टमेंट फजलगंज में रहने वाले भाजपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री गुरविंदर सिंह छाबड़ा का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी ने आवेश में आकर कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया।

पत्नी की हालत बिगड़ते देख भाजपा नेता ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। घर में मौजूद बेटे अंगद और बेटी साक्षी को जानकारी मिलते ही अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने दोनों का इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की माने तो गुरविंदर की हालत ठीक है, लेकिन पत्नी परमजीत की हालत गंभीर है। डॉक्टरों ने फिलहाल अभी कोई स्वास्थ्य को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

भाजपा नेता के जहर खाने की सूचना मिलते ही सबसे पहले हॉस्पिटल विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पहुंचे। इसके बाद भाजपा नेताओं का तांता लग गया। गुरविंदर सिंह छाबड़ा पूर्व राज्य मंत्री (यूपी पंजाब एकेडमी के वाइस प्रेसिडेंट) थे। इसके साथ ही भाजयुमो के दिल्ली प्रभारी रह चुके हैं। सतीश महाना और विक्की पुराने मित्र हैं।